रोहतक जिले के ग्रामीण आंचल में रहने वाली लड़कियों को उच्च शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से सांपला खंड में हरियाणा सरकार ने 19 सितंबर, 2000 को सर छोटूराम राजकीय महिला महाविद्यालय की नींव रखी तथा ग्रामीण परिवेश की लड़कियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे आने का मौका देकर इस इलाके को कृतार्थ किया। इस महाविद्यालय का प्रथम सत्र 31 अक्टूबर, 2000 से प्रारंभ हुआ। यह महाविद्यालय किसान, निर्धन व पिछड़े वर्ग के मसीहा सर छोटूराम की पावन जन्मभूमि सांपला में स्थित है तथा इस खंड के गांव की लड़कियों के बौद्धिक, शारीरिक व मानसिक विकास की दिशा में महाविद्यालय महत्त्वपूर्ण योगदान दे रहा है। यह महाविद्यालय राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 10 से झज्जर जाने वाले मार्ग पर, पीठ उद्यम डी० के स्टेट हाउस के पास 15 एकड़ के परिसर में फैला हुआ है। महाविद्यालय के प्रारम्भिक सत्र में 34 छात्राओं के प्रवेश से लेकर निरंतर बढ़ोत्तरी करते हुए आज वर्तमान में संख्या 1155 होना यह उद्घाटित करता है कि महिलाओं की उच्च शिक्षा तक पहुंच बनाने की हरियाणा सरकार की मंशा को पूर्ण करने में यह महाविद्यालय अग्रणी रहा है और सांपला खंड में स्थित गांव की लड़कियों की उच्च शिक्षा प्राप्त करने की अभिलाषा को पूर्ण कर रहा है। इस महाविद्यालय से कला, वाणिज्य, विज्ञान व आनर्स इतिहास में स्नातक और इतिहास, हिंदी व भूगोल विषय में स्नातकोत्तर की डिग्री अर्जित कर सकते हैं।